Friday, November 15, 2013

हाँ ..हाँ ...हाँ मैं लवगुरु " अ धर्मात्मा " हूँ कोई शक ………( व्यंग्य ) ....... >>> संजय कुमार

अभी २  महीने पहले की ही बात है ! एक टीव्ही न्यूज चैनल  साउथ के किसी बाबा मतलब आज के आधुनिक संत की धोती फाड़ने में लगा हुआ था ! अब धोती तो फटनी ही थी क्योंकि उसमें आम जनता की मेहनत की कमाई का करोड़ों अरबों का माल जो छुपा रखा था और अब जो " बाबा " की धोती फटी तो अब रुकने का नाम ही नहीं ले रही है ! क्या करें ये तो इस देश का  दुर्भाग्य ही है जो इस  देश की जनता को हर किसी ने जी भरकर लूटा , चाहे फिर वो  सोनाधारी , भगवाधारी हो या कोई  सफेदपोश ,सब की यही कहानी ! आज देश के सभी साधू संतों को बड़ी ही घृणित द्रष्टि से देखा जा रहा है ! कुछ " बाबा " तो बहुत बुरी तरह डर गए हैं और कह रहे हैं ! आज जहाँ देखो , जिसे देखो हमारे  पीछे हाँथ धोकर नहीं बल्कि नहा -धोकर पीछे पड़ गए  है ! कहीं मेरे खिलाफ जुलुस निकाले जा रहे हैं तो कहीं मुर्दाबाद और हाय- हाय के नारे लगाये जा रहे हैं ! कोई मेरे खिलाफ " फाँसी "  की मांग कर रहा है तो कोई अन्य तरीकों से मुझे घेरने की हर तरफ से बदनाम करने की नाकाम कोशिश में लगा हुआ है ! आखिर कब तक हम जैसे " अ धर्मात्मा " लोगों को परेशान किया जाता रहेगा  ? आखिर हमारा कसूर क्या है ? आखिर हम भी इंसान है ( कामवासी  ) हमें भी खुली हवा में सांस लेने का अधिकार है ! आज पूरा देश हमें नफरत भरी निगाहों से देख रहा है क्यों ? इसलिए की हम सच को स्वीकार नहीं कर रहे हैं ! मैं आज इस देश की अवाम से एक बात खुलकर कहना चाहता हूँ कि , आप लोग हमें घ्रणा की द्रष्टि से ना देखें .... हम  अब रोज रोज की बातों और सबूतों को सुन-सुनकर तंग आ चुके हैं , इसलिए  मैं आज सब कुछ स्वीकार करने को तैयार हूँ ! हाँ ... मैं कोई साधू संत नहीं हूँ मैं तो वो हूँ जो धर्म के नाम पर आपको बेबकूफ बनाता रहा,  सच कहूं तो इस देश की जनता है ही बेबकूफ  और भोली जो सदा लुटने को तैयार रहती है , अगर मैंने लूट लिया तो क्या गलत किया ! आज  कलियुग  के  " राम " से तो यही " आशा " की जा सकती है ! आज कोई " नारायण " बनकर तो कोई " साईं " बनकर लूट रहा है ! आखिर इस देश के नेता भी तो अपने पूरे कुटुंब के साथ इस देश को लूट रहे हैं फिर मेरे ही पीछे ही क्यों सभी हाँथ धोकर पीछे पड़ गए ! मैं कोई पहला और आखरी तो नहीं हूँ जिसने ऐसा किया हो , पहले भी कई पकडे गए हैं और जो नहीं पकडे गए वो भी कभी ना कभी पकड़ में आ ही जायेंगे ! ये तो मेरे बुरे दिन थे जो इस उम्र में आकर ये सब देखना पड़ा  ! अब अगर पकड़ा भी गया तो क्या हुआ कम से कम मेरी उम्र का तो लिहाज करो , मेरे द्वारा दिए गये धर्म उपदेशों को तो याद करो ! अगर मेरे उपासक ऐसे ही मेरे खिलाफ झूँठे प्रमाण देते रहे तो मुझे मजबूरी बस सब कुछ स्वीकार करना होगा और ये बात स्वीकार करते हुए मेरे मन में किसी भी प्रकार की कोई आत्मग्लानि नहीं होगी और यही 100%  सत्य है जो आप सबके सामने आ रहा है ! आज मेरी मदद को कोई भी नहीं आ रहा है ! जो बड़ी - बड़ी हस्तियां कभी मेरे पैरों पड़ी रहती थीं वो भी सब मुझे भूल गए हैं ! अब समझ में आया कि , ये खादीधारी नेता किसी के नहीं होते , वर्ना किसी की मजाल थी जो मुझे कोई हाँथ भी लगा पाता ! सब कुछ चल रहा था ना अब तक !  
कल ही " बाबाजी " के एक खास ने मुझे ये  सारी बातें और कई रहस्यों से पर्दा उठाया और ये राज की बातें सुनाते वक़्त वह बहुत ही उदास था और  उसकी उदासी और पीड़ा को देखते हुए मुझे ऐसा लगा कि , मुझे इस दुखी " बाबा " की बात आप तक अवश्य पहुंचानी चाहिए ! ये बात वो भी आप लोगों तक पंहुचा सकता था किन्तु उसने मुझसे कहा  " शायद मेरी इस बात को आप लोग राजनीति का कोई नया पैंतरा ना समझें " इसलिए उसने ये बात मेरे समक्ष रखी ! आजकल हमारे देश में चारों तरफ जहाँ देखो वहां सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटाले ही छाये हुए हैं ! सुबह सुबह जब अखबार खोलकर देखो तो एक नया घोटाला , टेलीविजन पर न्यूज़ में हर वक्त घोटाला और भ्रष्टाचार इसके अलावा इस देश में अब कुछ नहीं चलता ! किन्तु अब भ्रष्टाचार की बात कोई नहीं कर रहा है ! क्योंकि हमाम में तो सब नंगे होते हैं ! आजकल तो चारों ओर " बाबा " राहुल बाबा " भगवान का रिटायरमेंट ( सचिन ) बस यही छाया हुआ है ! आजकल जितना कुछ " बाबाओं " को सहना और सुनना पड़ रहा है शायद ही किसी और को इतना सहना और सुनना पड़ रहा हो ! आज हर जगह उनको बुरी नज़र से देखा जा रहा है ! कोई भी कभी भी उनसे कुछ भी पूंछने लगता है , सवालों की बौछार कर दी जाती है ! जब देखो तब उनको बिना बात के परेशान किया जाता है ! बाबा  थक गए हैं जबाब देते देते ! आज बाबाओं  की हालत देखकर मेरा मन भी दुखी हो जाता है ! जब मैं उनकी दुःख तकलीफ को देखता हूँ तो मुझे बहुत बुरा लगता है मुझसे रहा नहीं जाता ! क्यों उनके साथ ऐसा बुरा व्यव्हार हो रहा है ? जब मैंने एक और बाबा से उसके धंधे मतलब  " बाबागिरी " के बारे में  पूंछा तो उसने मुझे बताया ...... " अगर मैंने कुछ  गुनाह कर भी दिया तो वो मेरी " मजबूरी " थी क्योंकि मैं इस कलियुग का लवगुरु  मतलब धर्मगुरु हूँ , सच्चे और असली धर्मगुरु तो पुराणों में हुआ करते थे !.और यदि मैंने कोई गलती कर भी दी  है तो उसे जाने भी  दो , ऐसा किसने कह दिया कि आप हमें इंसान ही ना समझें !
मैं देश के सभी " बाबाओं " से आग्रह करूंगा कि , आपको अब किसी से कुछ छुपाने की या डरने की कोई जरुरत नहीं है सच को स्वीकार कर लो ! कहावत तो सुनी होगी " इश्क़ और मुश्क " छुपाये नहीं छुपते एक दिन बाहर आ ही जाते हैं ! इसलिए धर्म की आड़ लेकर धर्म और सच्चे " गुरुओं "  को बदनाम ना करो , पाप का घड़ा जब भरता है तो फूटता ही है ! कहावत भले ही कितनी पुरानी  हो पर १००% सच्ची है !

धन्यवाद 

Friday, November 8, 2013

वो मेरा गाँव ……>>>> गार्गी की कलम से

अब लगता है वो स्वर्ग था 
शायद वह सुख अब 
नामुमकिन हो गया 
ना अब बैलों के गले में बंधी 
घंटियाँ सुनाई देती हैं 
ना बैलगाड़ियों कि चरमराहट 
ना सुबह 
माँ  की चकिया  की आवाज 
ना  वो शाम को 
गाय बकरियों की आवाज 
ना वो टिकटिकी की आवाज 
A C के तंग रूम में 
वो बात कहाँ 
जो  सितारों से भरे 
आसमान के नीचे 
खुले आँगन या 
छत पर हुआ करती थी
उस समय खौफ और फ़िक्र से 
घिरे ना थे हम 
बेख़ौफ़ सोते थे हम 
बेफिक्र उठते थे 
एक कटोरे गेंहूं से 
मनचाही चीज 
खरीदा करते थे 
 तब हमको पैसों का 
मोल पता ना था 
अब मिटटी से बचते हैं 
तब सुगंधित मिटटी में 
खेला करते थे 
वो खेत , वो नहर
घर के सामने 
वो पीपल , बरगद का पेड़ 
सब धीरे धीरे मिटते गए 
और अब  सिर्फ 
मेरी यादों में  गए !
जिसे गाँव की तरक्की कहते हैं
वो मेरे गाँव का खो  जाना है 

धन्यवाद 
      

Saturday, November 2, 2013

दीपावली की हार्दिक शुभ-कामनाएं ..........>>> संजय कुमार

आप सभी साथियों को ,


परिवार के सभी सदस्यों को पावन पर्व दीपावली की हार्दिक शुभ-कामनाएं ! यह पर्व आपके जीवन में ढेर सारी खुशियाँ लाये ! आप सभी , परिवार सहित हर्ष-उल्लास के साथ यह पर्व मनाएं ! यह पर्व आपके जीवन में प्रकाश लाये , आप सपरिवार सहित स्वस्थ्य रहें , मस्त रहें ! धन की देवी " माँ लक्ष्मी " आप पर सदा मेहरबान रहें ! देवी " माँ सरस्वती " की असीम कृपा आप पर बनी रहे ! " श्री गजानन " आपको बल बुद्धि प्रदान करें ! आपका अपने परिवार के साथ असीम प्रेम और स्नेह का भाव जीवन पर्यंत बना रहे !


सजे घर आँगन,
करे श्रृंगार हर कोना
हो गृहप्रवेश, खुशियों का
दमके गली कूचा हो जैसे सोना


दीपावली की बहुत बहुत हार्दिक शुभ-कामनाएं




Happy - Diwali ..................... Happy - Diwali ........................ Happy - Diwali


शुभ-कामनाओं सहित
संजय कुमार चौरसिया 

Monday, October 21, 2013

करवा चौथ ……………………. >>>> गार्गी की कलम से

व्रत तो एक बहाना है 
सच तो ये है 
कि ,
मुझे तुम्हारे दिल में 
और अन्दर तक समाना है !
यूँ तो तुमने मुझे 
अपना सब कुछ दे दिया 
पर हर जन्म में
तुम मेरे और 
मैं तुम्हारी ही रहूँ 
इसके लिए इश्वर को 
मनाना   है !

( प्रिये पत्नी गार्गी की कलम से )

धन्यवाद  

Wednesday, August 14, 2013

आजादी का जश्न मनाने से पहले , चलो मन से आजाद हो लें ( स्वतंत्रता दिवस ) ……>>>> संजय कुमार

हमारा देश अपनी आजादी के ६६ साल पूरे कर रहा है ! लेकिन आज़ादी के ६६  साल बाद भी हम आज़ाद होते  हुए भी कहीं ना कहीं गुलामी की मानसिकता में जकड़े हुए हैं ! आज भी ढेर सारी रूढ़ीवादी परमपराओं से हमारा देश उबर नहीं पाया है !  आज भी आज़ादी को लेकर हमारे मन में प्रश्न उठता है कि .... क्या हम आज़ाद हैं .....? जबाब हाँ भी है और ना  भी जो लोग हाँ में जबाब देते हैं उनका कहना है .... हमारे देश को आजाद हुए ६६  बर्ष पूरे हो चुके हैं  इन ६६  बर्षों में हम भारतवासियों  ने सही मायने में  आजादी का मतलब समझा और जाना है ! एक आजाद इंसान वो सब कुछ कर सकता है जो एक आम आदमी गुलाम होकर नहीं कर सकता हमारे देश ने  इन ६६  बर्षों में  बहुत तरक्की की है और आज भी विकास की ओर अग्रसर है ! आज भारत का नाम विश्व स्तर पर छाया हुआ है जिसे देख कर आज हर भारतीय अपने आप पर गर्व महसूस करता है ! पहले हमारी गिनती गुलाम और पिछड़े हुए देशों में आती थी किन्तु आज़ादी के बाद आज ऐसा नहीं है ! आज हमारा वर्चस्व हर क्षेत्र में है ! आज हमारा लोहा विश्व के कई देशों ने माना है ! हम हर क्षेत्र में उपलब्धियां हांसिल कर रहे हैं  ! विज्ञानं , खेल , तकनीकी , शिक्षा आदि में भारतियों ने सफलता के झंडे गाड़े हैं !
सच कहूँ तो हम कहने को तो आजाद हैं , किन्तु मन से आजाद नहीं हैं ! कहीं ना कहीं हम आज भी गुलाम हैं ! कुछ हालात से मजबूर , कुछ गरीबी से , कुछ पुरानी रूढ़िवादी प्रथाओं की जंजीरों में जकड़े हुए हैं ! आज देश के जो हालात हैं यहाँ जीवन यापन करने वाले लाखों - करोड़ों लोगों की जो हालत है उन्हें देखकर ऐसा लगता है कि, ये लोग  तो आज तक आजाद ही नहीं हुए हैं और  इनकी हालत तो आज  गुलामों से भी बदतर है ! इससे तो ऐसे लोग अंग्रेजों की गुलामी में ज्यादा अच्छे थे , कम से कम एक बात तो अच्छी थी कि।  हमारे पैरों में गुलामी की बेड़ियाँ किसी दुश्मन ने डाल रखीं थीं , हम आशांवित थे कि , इस गुलामी से कभी ना कभी आजादी तो मिलेगी , किन्तु आज दुश्मन से ज्यादा बुरा सुलूक तो हमारे अपने हम से कर रहे हैं ! किन्तु हमें इन अपनों से  आजादी कौन दिलाएगा ! आज भारत में आजादी के इतने बर्षों बाद भी लाखों मजदूर गुलामों से भी बदतर ( बंधुआ मजदूर ) सा जीवन व्यतीत कर रहे हैं ! साहूकारी , खाप - पंचायत , ऊँच -नीच का भाव , जातिवाद , दहेज़ , विकृत मानसिकता जैसी कुरीतियाँ जिनसे  हम अभी तक आजाद नहीं हो पाए हैं ! आखिर हमें इनसे  कब मिलेगी आजादी ? हम कुछ जरुरत से ज्यादा आजाद हो गए और आजाद होकर हमने आजादी का गलत फायदा उठाया , फिर  चाहे वो हमारी बिगड़ी हुई लापरवाह और  लक्ष्य से भटकी हुई , अपने घटिया कारनामों से माँ - बाप का और इंसानियत का सिर शर्म से झुकाने वाली युवा पीढ़ी हो , फिर  चाहे देश के नामी- गिरामी राजनीतिज्ञ हों , आला अधिकारी हों , साधू -संत हों जिन्होंने आजाद देश को पूरी आज़ादी के साथ दुश्मनों की तरह लूटा ! सिर्फ अंग्रेजों की गुलामी से आजाद होना ही असली आज़ादी नहीं हैं ! आज देश के बुरे हालातों से हम सब बुरी तरह घिरे हुए हैं आखिर उनसे आज़ादी कब  मिलेगी ? दिन -  प्रतिदिन बढ़ती हुई महंगाई से कब मिलेगी आज़ादी ?  दिन-प्रतिदिन बढ़ते पाप-अत्याचार , जुल्मों-सितम से कब मिलेगी आज़ादी ? पूरा देश बेईमानों , घूसखोरों , घोटालेबाजों , भ्रष्टाचारियों के चंगुल में फंसा हुआ है .. कब मिलेगी इनसे आज़ादी ? अजन्मी बच्चियों , निर्दोष मासूमों , दहेज़ के लिए जलाई गयी बेटियों के कातिलों से कब मिलेगी आज़ादी  ?  मासूम बच्चों को मिड डे -मील जैसे हादसों से कब मिलेगी आजादी ? ये ऐसे प्रश्न हैं जिनका जबाब शायद हम सभी के पास है और जबाब शायद ना में है ! फिर भी हम पूरी तरह से आजाद हैं अपनी बात रखने के लिए ! अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए ! अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए ! आजादी का सही मतलब क्या है ? ये हमें जानना होगा ! एक दिन का जश्न मनाने से कुछ नहीं होगा ! हमें अपने मन से भी आजाद होना होगा ! जो इंसानियत , भाईचारे , प्रेम - एकता से भरा हुआ हो ! 

आप सभी साथियों एवं समस्त देशवासियों को " स्वतंत्रता दिवस " की ढेर सारी बधाइयाँ और शुभ-कामनाएं देता हूँ ! 
आइये हम सब अपने मन में उठने वाले नकारात्मक विचारों से आजाद होकर इस पर्व को ख़ुशी- ख़ुशी  मनाएं !

जय हिन्द …… वन्दे मातरम् ……… ……  इन्कलाब जिन्दाबाद …… जय हिन्द 

धन्यवाद   


Wednesday, July 3, 2013

क्षति ............. >>>>> गार्गी की कलम से

पेड़ पर चली कुल्हाड़ी 
पैरों पर पड़ गई 
खुशियाँ मातम में 
वदल गई 
गलती तो हुई 
और उसकी 
सजा भी मिली 
जो भावात्मक " क्षति " हुई 
उसकी पूर्ती क्या 
संभव है .....?
नहीं !
अगर हम 
अब भी ना चेते 
तो शायद 
संभलने का 
दूसरा मौका ना मिले ......

( गार्गी की कलम से )

धन्यवाद  

Wednesday, May 15, 2013

टूटी हुई माला को अब जोड़ना होगा .....( परिवार -दिवस ) .......>>>> संजय कुमार

एक - एक मोती चुनकर , एक ही धागे में कई मोतियों को पिरोकर बनाई जाती है माला ! माला फूलों की होती है ! हीरे - जवाहरात , नग , सोने - चाँदी और भी कई प्रकार की होती है ! जब माला किसी के गले में पहनाई जाती है तो पहनने वाले का महत्त्व और भी ज्यादा बड़ जाता है ! सच तो ये है कि , माला उन्हीं के गले में डाली जाती है जो उसके असली हक़दार होते हैं ! खैर ये तो मालाओं की व्याख्या है ! किन्तु  मैं जिस माला की बात कर रहा हूँ उसका तात्पर्य हम सभी से है और वो मोतियों की माला हमारा संयुक्त परिवार है ! एक माला जिस तरह अपने में सभी मोतियों को पिरोकर रखती है ठीक उसी प्रकार एक संयुक्त परिवार अपने परिवार के सभी सदस्यों को एक माला के रूप में  बाँध कर रखता है ! एक मजबूत माला वही होती है जिसका धागा मजबूत होता है अर्थात माला रुपी परिवार के सभी सदस्य जिनके अन्दर संस्कार , अपनापन , एक-दुसरे के प्रति प्रेम का भाव आदि होते हैं , और ये सब कुछ एक संयुक्त परिवार में ही हो सकता है ! क्योंकि हम एक संयुक्त परिवार में रहकर ही नियंत्रित होते हैं ! एकल परिवार प्रणाली में हमारे ऊपर नियंत्रण का आभाव होता है जिससे कई समस्याएं हमारे सामने उत्पन्न होती रहती हैं ! सभी सदस्यों का आपस में एक - दुसरे के प्रति मान- सम्मान , आदर , संस्कार , एक -दुसरे के प्रति प्रेम का भाव और अपनापन जहाँ ये सभी चीजें एक साथ उपस्थित होती हैं, तो उस जगह को हम एक परिवार कहते हैं , हँसता -खेलता परिवार ! आज के दूषित माहौल में समाज का सर्वश्रेष्ठ परिवार ! सच तो ये है हमारी एकता में जो शक्ति है वो शायद किसी अकेले इंसान में नहीं है ! अकेला इंसान आज के समय में कुछ भी नहीं है और  यह बात बिलकुल सही है ! क्योंकि हम जानते हैं  एकता और संगठन की शक्ति को ! जब हम संगठन की ताकत से भली-भांति परिचित हैं तो फिर क्यों हमारा पारिवारिक संगठन टूट रहा है ! आज के आधुनिक युग ने हमें भले ही बहुत कुछ दिया हो फिर भी हमने आधुनिक बनने की होड़ में बहुत कुछ खोया है ! आप भी इस बात से सहमत होंगे ......

एक समय था जब हम किसी के घर जाते थे तो वहां पर हमारी मुलाकात परिवार के सभी सदस्यों से होती थी तो मन को एक अनूठी सी ख़ुशी मिलती थी मन प्रसन्न हो जाता था ! घर में दादाजी -दादीजी, माता -पिता , चाचा-चाची, भैया-भाभी, और भी कई रिश्ते जिनसे एक घर सम्पूर्ण परिवार बनता है ! ( आज मुमकिन नहीं लगता आज हमारे पास घर हैं किन्तु परिवार नहीं ) पर जैसे जैसे समय बीत रहा है ! जब से इन्सान अपने आप से मतलब रखने लगा है  सिर्फ अपने बारे में सोचने लगा है जबसे उसने परिवार के बारे में सोचना छोड़ दिया है तब ऐसी स्थिति में परिवार के सदस्यों का एक - दुसरे के प्रति अपनेपन का भाव खत्म होने लगता है और शुरुआत हो जाती है एक संयुक्त परिवार रुपी माला के टूटने की ! जब अपनापन खत्म होता है तो पारिवारिक एकता में  विघटन और वदलाव होने लगता है ! कारण एक -दो नहीं कई हैं और सबसे बड़ा कारण हमारा अपने ऊपर नियंत्रण का ना होना , सब्र की कमी , बात - बात पर अपना आपा खो देना जिस कारण से आये दिन घर- परिवार में लड़ाई - झगडे की स्थिति बनी रहती है ! आये दिन होने वाले इन्हीं झगड़ों के कारण अपनों से अपने परिवार से दूर हो रहा है ! इन्हीं बातों को लेकर परिवारों के बीच दीवार खींच जाती है ! ऐसी स्थिति में एक बड़ा सा परिवार बदल जाता है चिड़ियों के घोंसलों जैसा और  जब एक बार अपनों के बीच दीवार खिंच जाती है तो फिर हमारा परिवार , परिवार नहीं कहलाता  ईंटों की चार दीवारी से बना घर कहलाता है और बन जाता है ईंट पत्थर से निर्मित एक मकान ! आज इस विघटन और वदलाव से हमारा कितना अहित हो रहा है , शायद हम ये बात बहुत अच्छे से जानते है  लेकिन जानकर भी अनजान हैं ! इसका असर आज हम देख रहे हैं सुन रहे हैं ! अपने बच्चों से दूर होते संस्कार के रूप में , दूर होती रिश्तों की महक , खत्म होती अपनत्व की भावना और प्रेम , एक-दुसरे का मान-सम्मान करने का भाव और  ये सब कुछ हो रहा है परिवार के बंटने से ! जब से हम वदले तब से वदल गयी हमारे घर- परिवार की कहानी  और ये कहानी आज की है ! आज ये कहानी " घर - घर की कहानी " है !
हम सभी को ईंट - पत्थर से बने मकानों से निकलकर अपने घर - परिवार में वापस आना होगा या फिर हमें फिर से अपने परिवार जो जोड़कर एक सम्पूर्ण परिवार बनाना होगा ! यदि हमारे अन्दर परिवार के किसी सदस्य के प्रति मन में नाराजगी है तो आपस में बैठकर उसे दूर करना होगी अन्यथा ये परिवार विघटन रुपी खाई और गहरी ...... गहरी होती जाएगी ........ क्या हम इस पर विचार कर सकते हैं ......? क्या हम आगे बढ़कर टूटे हुए परिवार को जोड़ सकते हैं ! अब हमें पुनः माला  में मोती पिरोकर  टूटी हुई माला को जोड़ना होगा 

धन्यवाद